क्राइम रिपोर्ट

ग्राम डाबरी के जंगल में मंगल करने वालों पर शुरु हुई कार्रवाई, 04 आरोपी गिरफ्तार, काटी गई सागौन जब्त

वन भूमि पर कब्जे के मंसूबे फेल, चार को भेजा जेल

ग्राम डाबरी के वन क्षेत्र में 2.991 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया गया विफल,
वन अमले द्वारा 2.556 घन मीटर इमारती सागौन जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

सीहोर, 22 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के सीहोर परियोजना मंडल के वन अमले द्वारा बुधनी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डाबरी के अंतर्गत वन क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया गया।

सीहोर परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक ने बताया कि वन क्षेत्र में लगभग 2.991 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और वन भूमि पर अतिक्रमण रोका गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण के प्रयास में काटी गई 2.556 घन मीटर इमारती सागौन वन उपज जब्त की गई। जप्त वन उपज को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और भेरूंदा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम भूराखेड़ा के निवासी 32 वर्षीय महेश आत्मज गिरदार बारेला, 36 वर्षीय पांडिया आत्मज श्रीपाल बारेला, 44 वर्षीय राजेश आत्मज काशीराम बारेला और 33 वर्षीय कृपाल आत्मज सुतार बारेला शामिल हैं।

अतिक्रमण के प्रयास में उपयोग किए गए ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया है तथा ट्रैक्टर के राजसात की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रकरण की कार्रवाई के दौरान महेश आत्मज गिलदार बारेला के निवास से 04 नग कुल्हाड़ी भी जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री को नियमानुसार प्रकरण में शामिल कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 (1) (क), 26(1) (च), 26(1) तथा वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2 (15), 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है तथा प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अतिक्रमण के प्रयास से प्रभावित वन भूमि में 8,000 सागौन के पौधों का रोपण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button