सीहोर : नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई
महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुआ कार्यक्रम आयोजित

नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए छात्राओं को किया जागरूक
नशे के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
सीहोर, 23 नवम्बर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायालय के तत्वावधान में नालसा (ड्रग नशा मुक्त भारत के लिए) योजना के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में छात्राओं को नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी फारुख अहमद सिद्दीकी एवं चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शरद जोशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। साथ ही नशे की लत से बचने के उपाय, नशा मुक्ति के महत्व और नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ ही परिवार एवं समाज के लिए भी गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



