इछावर के विकास के लिए भाजपा सरकार हमेशा से संकल्पित है और रहेगी- विष्णु करणसिंह वर्मा’
नगरपरिषद इछावर द्वारा शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित

इछावर के विकास के लिए भाजपा सरकार हमेशा से संकल्पित है और रहेगी- विष्णु करणसिंह वर्मा,
कांग्रेस-भाजपा शासनकाल का तुलनात्मक अध्ययन खुद कर रही जनता- कैलाश सुराना
इछावर, 23 नवंबर 2026 एमपी मीडिया पॉइंट
नगर इछावर में विकास कार्य जितने भी हुए सभी में भाजपा सरकार,क्षेत्रीय विधायक एवं राजस्व मंत्री श्री वर्मा,केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का अतुलनीय योगदान है। हम तो विकास के लिए प्रपोजल देते हैं और वे इछावर को तरक्की का तोहफ़ा दे देते हैं जो अविस्मरणीय बन जाता है। उक्त बात युवा भाजपा नेता विष्णु करण सिंह वर्मा ने कही।
श्री वर्मा नगरपरिषद द्वारा आयोजित स्थानीय तालाब ‘घाट निर्माण’ शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे।
विष्णु वर्मा ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र की बात की जाए तो इछावर नगरपरिषद में सबसे ज्यादा विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हुए हैं।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश सुराना ने कहा कि इछावर नगर में विकास कार्य किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। इछावर का विकास खुद दिखाई दे रहा है। नागरिकों के सामने है। विपक्षी दल कांग्रेस को आरोप लगाने का हक है वो ठीक है, लेकिन आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल के दौरान इछावर का कितना विकास कराया यह भी उन्हें सोच लेना चाहिए। विदिशा संसदीय क्षेत्र की इछावर एकमात्र ऐसी नगरपरिषद है जहां 1475 लोगों को आवास सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मतदाता भाजपा पर भरोसा करते हैं और भाजपा हमेशा उनके विश्वास पर खरा उतरती है। पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक यही रिकॉर्ड है और आगे भी कायम रहेगा।
श्री सुराना ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि उर्जावान युवा भाजपा नेता विष्णु वर्मा अपने पिताश्री राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के नक्शे कदम पर ईमानदारी के साथ चल रहे हैं। इछावर क्षेत्र में उनकी सेवाएं प्रशंसा का परचम लहराती स्वत: ही प्रतीत होती हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपरिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने कहा कि तालाब किनारे घाट निर्माण से धार्मिक त्योहारों के समय आम नागरिकों/श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना का उपयोगी स्थान मिल सकेगा जिसकी आवश्यकता पहले से महसूस की जा रही थी।
शिलान्यास कार्यक्रम में सीएमओ सहित परिषद का पूरा स्टाफ,पार्षदगण,गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



