सीहोर : 21 नवंबर को होगी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान करेंगे 'अध्यक्षता'

21 नवंबर को होगी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक,
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान की अध्यक्षता में होगी बैठक, विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की होगी समीक्षा
सीहोर, 18 नवम्बर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 21 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सीहोर के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान करेंगे। बैठक में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सहित जिले के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन, नगरीय प्रशासन, कृषि एवं किसान कल्याण, जल संसाधन, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण तथा रेलवे एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी।
बैठक में खाद वितरण, सिंचाई व्यवस्था, ग्रामीण पेयजल, सड़क निर्माण, अधूरे निर्माण कार्य, आवास योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत कनेक्शन, रोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभागों की अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा निर्धारित एजेंडे के अनुसार जानकारी प्रस्तुत करें।



