चीनी नागरिक तक साइबर ठगी की राशि पहुंचाने वाले गिरोह का सीहोर(एमपी) पुलिस ने किया खुलासा, 05 आरोपी गिरफ्तार
साइबर क्राइम मामले में महत्वपूर्ण सफलता...

चीनी नागरिक तक साइबर ठगी की राशि पहुंचाने वाले गिरोह का सीहोर(एमपी) पुलिस ने किया खुलासा, 05 आरोपी गिरफ्तार
सीहोर(मध्यप्रदेश), 22 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
बताते चलें कि थाना कोतवाली, सीहोर में फरियादिया कंचन तोमर पति अजय सिंह तोमर की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 238/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत साइबर फ्रॉड का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसपी सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ.अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली रविन्द्र यादव के नेत़़त्व में थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित कर प्रभावी वैधानिक कायर्वाही के लिए निर्देशित किया गया था।
विवेचना के दौरान साइबर फ्रॉड की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज की गई। पोर्टल से प्राप्त मनी ट्रेल के तकनीकी विश्लेषण से ज्ञात हुआ कि फरियादिया के खाते से ठगी गई। विभिन्न ATM से दिनांक 09 एवं 10 अप्रैल 2026 को राशि निकाली गई।
स्थानीय मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गोपाल सेन पिता घनश्याम सेन निवासी बाणगंगा, इंदौर एवं सुमित कोष्ठी पिता जीवन कोष्ठी निवासी परदेशीपुरा, इंदौर को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे ATM से निकाली गई पूरी राशि आर्यन अम्बेडकर निवासी बाणगंगा, इंदौर को सौंप देते थे, जिसके बदले उन्हें 5 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
आरोपियों से प्राप्त जानकारी, तकनीकी विश्लेषण एवं साइबर सेल के सहयोग से पुलिस ने आर्यन अम्बेडकर तथा उसके साथी ऋतेश प्रजापत निवासी बाणगंगा, इंदौर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आर्यन अम्बेडकर ने बताया कि वह साइबर फ्रॉड से प्राप्त राशि से USDT (क्रिप्टोकरेंसी) खरीदकर टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से “मैटी (Matty)” नामक एक चीनी नागरिक को भेजता था। इसके बदले उसे 10 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता था।
आर्यन अम्बेडकर से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने अनुराग पटेल निवासी थाना हीरानगर, इंदौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अनुराग पटेल ने स्वीकार किया कि वह भी साइबर फ्रॉड की राशि से USDT खरीदकर टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से चीनी नागरिक मैटी को भेजता था। उसने यह भी बताया कि इस कार्य में उसका साथी शिवेंद्र सिंह राजपूत भी शामिल है।
प्रकरण में अब तक कुल 5 आरोपियों- गोपाल सेन, सुमित कोष्ठी, आर्यन अम्बेडकर, ऋतेश प्रजापत एवं अनुराग पटेल को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपी शिवेंद्र सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही साइबर फ्रॉड नेटवर्क एवं विदेशी कनेक्शन के संबंध में विस्तृत तकनीकी एवं वैधानिक विवेचना जारी है।



