क्राइम रिपोर्ट

सीहोर : नशेड़ियों की ठोकर में मर्यादा, असर रेल्वे प्लेटफार्म-टू पर ज्यादा

वायरल वीडियो के बाद तेजी से उठी कार्रवाईयों की मांग

हाइलाइट्स

सीहोर में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद ,
पुलिस की समझाइश भी नहीं आ रही काम।- “नशे से दूरी है जरूरी” ,
सीहोर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को नशैलची और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग दे रहे हैं चुनौती,
. रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर दो के बाहर खुलेआम नशेड़ियों का आतंक,
महसूस की जा रही प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता

सीहोर, 08 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

सीहोर सहित पूरे मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है । सीहोर में भी पुलिस प्रशासन द्वारा नशे से होने वाले नुकसान
के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
नवागत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना द्वारा जिले भर में “नशे से दूरी है जरूरी “ स्लोगन के साथ लोगों को जागरूक करने का अभियान निरंतर बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। परंतु असामाजिक तत्वों द्वारा उक्त अभियान को खुली चुनौती दी जा रही है। उनको न तो पुलिस का डर है और न ही कानून का।

मामला रेलवे स्टेशन मण्डी प्लेटफार्म नंबर-2 के सामने के इलाके का है, जहां एक आपराधिक प्रवृत्ति का युवक शिवम नायक उर्फ डब्बू दुकान को बार ( शराब खाना ) बनाए हुए हैं, जिससे की यहां आसामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इन गतिविधियों से स्थानीय नागरिक परेशान हैं, वहीं स्टेशन से कुबेरेश्वरधाम जाने वाले श्रद्धालु के साथ ही मारपीट और लूटपाट की घटनाएं हुई हैं। कई बार स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायत करने के बावजूद इस युवक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे की उसके हौंसले अब बुलंद हैं और बीती रात सरेआम उसने मंडी थाना प्रभारी सहित पुलिस महकमे को गालियां दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस महकमा लगातार नशा विरोधी अभियान चला रहा है, लेकिन मण्डी क्षेत्र में बदमाशों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। आलम यह है कि स्टेशन जैसे व्यस्तम पोस्ट ऑफिस मार्ग पर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है, जिसकी वजह से सुबह से लेकर देर रात तक यहां आसामाजिक तत्व जमे रहते हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शिवम नायक उर्फ डब्बू ने सडक़ किनारे खुली बार बना दी है, जहां वह खुद तो शराब पीता ही है इसके अलावा अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बिठाकर शराब पिलाता भी है। नागरिकों का कहना है कि आए दिन यहां झगड़े और अन्य आपराधिक गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे इलाके का माहौल बिगड़ गया है।
इस गतिविधियों की वजह से स्थानीय नागरिक का रहना मुश्किल हो गया है और महिलाओं का घर से बाहर निकलना परेशानी का सबब बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने इससे पहले कई बार पुलिस और डॉयल 100 को शिवम नायक उर्फ डब्बू की शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शिवम नायक उर्फ डब्बू द्वारा शराब का गिलास हाथ में लेकर मण्डी थाना प्रभारी को सरेआम गालियां देते हुए देखा जा सकता है।

हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता

नशा करने वालों के हौसले इतने बुलंद है कि खुलेआम शराब पीने और उत्पात मचाने को लेकर कह रहे कि कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस तरह के विवाद पहले भी होते रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से अब इसकी हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि पुलिस को भी सरेआम गालियां दे रहा है।

श्रद्धालुओं से अभद्रता,मारपीट

रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर 2 पर उतरने वाले श्रद्धालु मण्डी पोस्ट ऑफिस रोड की तरफ से कुबेरेश्वर धाम जाते हैं। इसी मार्ग पर स्थित शिवम नायक उर्फ डब्बू की दुकान है, जिस पर आसामाजिक तत्व शराब पीते रहते हैं, यही आसामाजिक तत्व और शिवम नायक मिलकर श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। महिलाओं से छेड़छाड़ की जाती है, यहां तक की विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी होती है। चूंकि वह सब बाहर से आते हैं, इसकी वजह से वह कुछ नहीं कहते और बिना पुलिस में शिकायत किए निकल जाते हैं। पिछले कई महीनों से यह सिलसिला बना हुआ है। बताया तो यहां तक भी जाता है कि श्रद्धालुओं के साथ अकारण मारपीट कर उनसे पैसे छीने जाते हैं।

फिक्स पाइंट लगाने की मांग
स्थानीय नागरिकों और कुबेरेश्वरधाम के श्रद्धालुओं ने इस स्थान पर पुलिस का फिक्स पाइंट लगाने की मांग की है। साथ ही शिवम नायक उर्फ डब्बू के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात भी कही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस अब कार्रवाई नहीं करती है तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

यह कहते अधिकारी

इस तरह की घटनाओं पर रोक सुनिश्चित की जाएगी और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

            अर्चना चौहान, थाना प्रभारी मंडी थाना सीहोर

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button