हिमाचल में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, 08 व्यक्तियों की मौत
मृतकों में ड्राइवर,कण्डेक्टर भी शामिल

हिमाचल में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, 08 व्यक्तियों की मौत
मीडिया रिपोर्ट, 08 अगस्त 2026,
शनिवार अलसुबह चंबा ज़िले के चुराह सब-डिविज़न में बैरागढ़-चंबा रोड पर एक दुखद सड़क हादसा हुआ। बैरागढ़ से चंबा जा रही शर्मा ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस, देविकोठी के पास चालुज मोड़ पर अचानक बेकाबू हो गई और नीचे सड़क पर जा गिरी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस गंभीर हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, करीब सात घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ
शुरुआती जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवल्स की बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए निकली थी। बस ने अभी सिर्फ़ तीन किलोमीटर का सफ़र ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास ड्राइवर का बस से नियंत्रण हट गया, जिससे बस नीचे गिर गई।
पता चला है कि हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए टिस्सा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। मौके पर राहत कार्य जारी है और बस को बाहर निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। मलबे के नीचे और यात्रियों के फंसे होने की आशंका है।
