बुजुर्गों, माता-पिता, संतों, साधकों और गुरु के वचनों पर अमल अवश्य करना चाहिए- पण्डित प्रदीप मिश्रा
मध्यप्रदेश के 'कुबेरेश्वर धाम' सीहोर में जारी धार्मिक आयोजन

बुजुर्गों, माता-पिता, संतों, साधकों और गुरु के वचनों पर अमल अवश्य करना चाहिए- पण्डित प्रदीप मिश्रा
कुबेरेश्वर धाम पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान उमड़ा आस्था का सैलाब, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया शिव महापुराण का श्रवण
सीहोर (मप्र), 26 जुलाई 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आस्था और उत्साह के साथ जिला मुख्यालय के समीपस्थ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में आयोजित छह दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान आज श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देशभर से पहुंचे करीबन दो लाख श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे धाम में दिनभर हर-हर महादेव और शिवभक्ति के जयघोष गूंजते रहे। इस मौके पर विठलेश सेवा समिति ने देव शयनी एकादशी पर यहां पर आने वाले लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का प्रसादी का वितरण किया।
दूसरी तरफ श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया है। इसके साथ ही अब दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का सीहोर स्टेशन पर स्टॉपेज उपलब्ध हो गया है, जिससे विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिल रही है। रोड़ पर भी लगातार बड़ रहे ट्रेफिक को देखते हुए अधिकतर भारी वाहन असुविधा से बचते हुए अमलाहा-भाऊँखेड़ी-सीहोर मार्ग से निकल रहे हैं।
शिव महापुराण के अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचन के दौरान कहा कि, अच्छा सलाहकार ही व्यक्ति को मंजिल तक पहुंचाता है। जीवन में अच्छी सलाह देने वाले बहुत कम मिलते हैं, इसलिए अपने बुजुर्गों, माता-पिता, संतों, साधकों और गुरु के वचनों पर अमल अवश्य करना चाहिए।
शिव महापुराण के दौरान अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव नाम में जीवन का संपूर्ण सुख समाया हुआ है। संपूर्ण ब्रह्मांड की समस्त ऊर्जा शिवमय है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार में यदि किसी को रक्तचाप या मधुमेह जैसी बीमारियां होती हैं तो उसके प्रभाव आने वाली पीढ़ियों में भी देखने को मिलते हैं, उसी प्रकार यदि परिवार में कोई व्यक्ति भक्ति, पूजा, सत्संग और अच्छे कर्म करता है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है और घर स्वर्ग के समान बन जाता है।
“श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” मंत्र का श्रद्धा और विश्वास के साथ जाप करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में धन, वैभव और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव का निरंतर स्मरण, सेवा और सदाचार का जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस संसार के प्रत्येक प्राणी के भीतर ईश्वर का वास है। इसलिए सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का भाव रखना चाहिए। जीवन में तीन कार्य करने का संदेश दिया। पहला, प्रतिदिन भगवान शिव को एक लोटा जल अर्पित करें। दूसरा, भगवान पर अर्पित जल का आचमन करें, जिससे रोगों के निवारण की कृपा प्राप्त होती है। तीसरा, रवि प्रदोष के दिन बेलपत्र का पौधा लगाएं, जिससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। पंडित श्री मिश्रा ने श्रद्धालुओं द्वारा भेजे गए अनेक पत्रों का वाचन भी किया और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।
29 जुलाई को एक दिवसीय गुरुदीक्षा का आयोजन
बता दें कि शिव महापुराण कथा का आगामी 28 जुलाई को समापन होगा। धाम में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर सीहोर स्टेशन पर 10 ट्रेनों का स्टापेज
गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा पर देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 विशेष ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था की गई है। जिसको लेकर सीहोर रेलवे प्रशासन एवं समस्त रेलवे प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है। यह निर्णय दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी एवं सुविधाजनक सिद्ध होगा। आपकी यह सेवा-भावना श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल, सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 जोड़ी ट्रेनों का अस्थाई ठहराव किया गया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा बताया कि यह ठहराव तत्काल प्रभाव से 30 जुलाई तक दिया जाएगा। ठहराव दिये गये ट्रेन इस प्रकार है। 12923/12924 डॉ. अम्बेडकर नगर नागपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 19301/19302 डॉ. अम्बेडकर नगर यशवंतपुर एक्सप्रेस, 22911/22912 इंदौर हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, 20414/20413 इंदौर वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20416/20415 इंदौर वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 14115/14116 डॉ. अम्बेडकर नगर प्रयागराज एक्सप्रेस, 19313/19314 इंदौर पटना एक्सप्रेस, 19321/19322 इंदौर पटना एक्सप्रेस, 19305/19306 डॉ. अम्बेडकर नगर कामाख्या एक्सप्रेस, 22645/22646 इंदौर तिरूवनंतपुरम नॉर्थ एक्सप्रेस शामिल हैं ।



