21 जुलाई को नर्मदा घाट थाना माखन नगर में डूबे युवक का शव थाना भैरुंदा अंतर्गत नर्मदा नदी किनारे मिला, भैरूंदा पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान कर परिजनों को सौंपा
भैरुंदा पुलिस का काबिल-ए-तारीफ काम..

21 जुलाई को नर्मदा घाट थाना माखन नगर में डूबे युवक का शव थाना भैरुंदा अंतर्गत नर्मदा नदी किनारे मिला, भैरूंदा पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान कर परिजनों को सौंपा
भैरुंदा(मप्र), 26 जुलाई 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
पुलिस के मुताबिक यह है पूरा घटनाक्रम
दिनांक 24 जुलाई 2026 को लगभग 3:30 बजे सूचनाकर्ता जीवन मेहरा पिता जगदीश मेहरा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम टिगाली, थाना भैरूंदा द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम टिगाली स्थित कटरा घाट पर नर्मदा नदी किनारे एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ है।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैरूंदा निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में भैरूंदा पुलिस ने त्वरित एवं सटीक कार्रवाई करते हुए तत्काल मौके पर पहुँची तथा शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचों की उपस्थिति में शव पंचनामा तैयार किया गया।
मृतक के शरीर पर केवल काले रंग की अंडरवियर थी। बाएँ हाथ में सिल्वर धातु का कड़ा एवं गले में धागे की माला थी। शव का सूक्ष्म निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट बाहरी चोट नहीं पाई गई।
पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल भैरूंदा की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया।
इसके बाद अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए थाना भैरूंदा पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए। इसी दौरान ई-रक्षक ऐप के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि दिनांक 21 जुलाई 2026 को गौशाला घाट, ग्राम आहारखेड़ा, थाना माखन नगर में रक्षत उर्फ रामू पिता चंदर पठारिया (कतिया), उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गोहना देरईया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम, नर्मदा नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था, जिसकी रिपोर्ट थाना माखन नगर में दर्ज थी।
थाना माखन नगर के विवेचना अधिकारी तरुण चंदेल से संपर्क कर शव के हुलिए का मिलान कराया गया, जो डूबे हुए युवक रक्षत उर्फ रामू से मेल खाता पाया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना देकर थाना भैरूंदा बुलाया गया। मृतक के पिता चंदर पठारिया अपने पुत्रों बसंत एवं अभिषेक के साथ थाना भैरूंदा पहुँचे। उन्हें मॉर्चुरी में शव दिखाया गया, जहाँ उन्होंने शव की पहचान अपने पुत्र रक्षत उर्फ रामू पिता चंदर कतिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गोहना देरईया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम के रूप में की।
इसके उपरांत पंचों की उपस्थिति में शव पहचान पंचनामा तैयार कर समस्त वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई तथा शव अंतिम संस्कार के लिए विधिवत परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने किया काबिल-ए-तरीफ काम
थाना भैरूंदा पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों (ई-रक्षक ऐप) के प्रभावी उपयोग तथा अन्य थाना पुलिस से उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करते हुए अज्ञात शव की शीघ्र पहचान कर परिजनों को सुपुर्द किया गया, जिसकी काफी तारीफ की जा रही है।



