हर दिन मातृ-पितृ सेवा का दिवस है : पंडित प्रदीप मिश्रा
कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण का समापन, लाखों श्रद्धालुओं का भावपूर्ण प्रस्थान

हर दिन मातृ-पितृ सेवा का दिवस है : पंडित प्रदीप मिश्रा
सीहोर (मप्र), 28 जुलाई 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
मध्यप्रदेश के ‘कुबेरेश्वर’ धाम सीहोर मे आयोजित शिव महापुराण के अंतिम दिवस अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि संसार में ज्ञान देने वालों की कमी नहीं है, लेकिन उस ज्ञान को अपने आचरण में उतारने वाले बहुत कम हैं। कथा कहना और प्रवचन देना सरल है, किंतु उन बातों को जीवन में अपनाना ही वास्तविक साधना है। आत्महत्या कभी मोक्ष का मार्ग नहीं हो सकती। वास्तविक मोक्ष अपने भीतर के अहंकार, मोह, लोभ और क्रोध का त्याग करने में है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन के संघर्षों से हार न मानने की अपील करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी भगवान पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। सच्चा भक्त सेवा, समर्पण और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही जीवन को सार्थक बनाता है। गुरु और शिष्य के बीच धन, वैभव या वस्तुओं का नहीं, बल्कि विचारों और संस्कारों का आदान-प्रदान होता है। यही संबंध जीवन को नई दिशा देता है। उन्होंने परिवार के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में केवल एक दिन मदर्स डे नहीं होता, बल्कि हर दिन मातृ-पितृ सेवा का दिवस है। माता-पिता की सेवा जीवन के अंतिम क्षण तक करते रहना ही सच्चा धर्म है।
बता दें कि कल बुधवार 29 जुलाई को प्रात: 9 बजे से गुरु दर्शन एवं गुरु दीक्षा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दौरान पूज्य गुरुदेव श्रद्धालुओं को सत्संग का लाभ भी देंगे। सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक लाखों श्रद्धालु गुरु दीक्षा प्राप्त करेंगे। आयोजन को लेकर समिति के अलावा जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, भोजन प्रसादी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
ज्ञातव्य हो कि आज समापन हुए पांच दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान 05 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।


