सीहोर : समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो आगामी खरीफ फसल के सीज़न में होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल, जिला कृषि व्यापारी संघ ने 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
कृषि व्यापारी संघ ने केंद्र सरकार को अपनी विभिन्न समस्याओं से कराया अवगत

समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो आगामी खरीफ फसल के सीज़न में होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल, जिला कृषि व्यापारी संघ ने 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
सीहोर, 27 अप्रैल 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
कृषि आदान व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सीहोर पहुंच कर एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत सरकार नई दिल्ली एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि Agro Input Dealers Association (AIDA), नई दिल्ली देश के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है। संगठन के सदस्य पिछले कई वर्षों से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
इसी कारण दिनांक 27 अप्रैल 2026 को देशभर के कृषि आदान व्यापारी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर रहे हैं।
समस्याओं से कराया अवगत, रखी यह मांगे
सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पादों की जबरन लिंकिंग बंद की जाए। खाद की FOR (Free On Road) आपूर्ति Point of Sale तक सुनिश्चित की जाए। डीलर मार्जिन बढ़ाकर न्यूनतम 8 प्रतिशत किया जाए। SATHI पोर्टल को वैकल्पिक रखा जाए तथा अनिवार्यता समाप्त की जाए।
बीज नीति में सुधार कर अवैध बीज बिक्री पर रोक लगाई जाए।
सीलबंद पैकिंग में दोष होने पर विक्रेता को जिम्मेदार न ठहराया जाए। Expired कीटनाशक कंपनियों द्वारा वापस लेना अनिवार्य किया जाए। नए बीज अधिनियम एवं कीटनाशक विधेयक 2025 के कठोर प्रावधानों में संशोधन किया जाए।
झूठी शिकायतों पर कार्रवाई से पूर्व जिला स्तरीय जांच समिति गठित की जाए। लाइसेंस निलंबन की स्थिति में 2 दिवस के भीतर बहाली का प्रावधान हो। PC जोड़ने की अनिवार्यता समाप्त की जाए। दोहरी लाइसेंस प्रणाली समाप्त की जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि कृषि आदान व्यापारियों एवं किसानों को राहत मिल सके। अन्यथा आगामी खरीफ सीजन से पूर्व आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा सकता है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में कृषि व्यापारी संघ सीहोर जिलाध्यक्ष सुनील राठी, जिला सचिव आशीष पालीवाल, इछावर ब्लॉक अध्यक्ष शरद विनोद राठी प्रमुख रुप से शामिल थे।



