अश्लील’ भाषा में थे पासवर्ड, केबिन में होती थीं गंदी बातें; टीसीएस धर्मांतरण कांड में नए खुलासे
क्राइम रिपोर्ट

‘अश्लील’ भाषा में थे पासवर्ड, केबिन में होती थीं गंदी बातें; टीसीएस धर्मांतरण कांड में नए खुलासे
नासिक, 23 अप्रैल 2026
एमपी रिपोर्ट
हाल ही में नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बीपीओ यूनिट में यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और कथित ‘धर्मांतरण’ के दबाव का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
इस घटना में पुलिस ने कंपनी की महिला एचआर हेड समेत 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। अश्लील पासवर्ड और रजा मेमन की हरकतों को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं।
महिला आयोग के समक्ष अपना बयान दर्ज कराते हुए एक पीड़िता ने दावा किया कि कंपनी यूनिट के सिस्टम के पासवर्ड ‘अश्लील भाषा’ में रखे गए थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ट्रेनिंग के दिनों से ही रजा मेमन नाम का एक आरोपी उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह उसे अपने केबिन में बुलाकर अश्लील बातें करता था और उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां भी करता था।
शिकायत की अनदेखी और पीछा करना
जब पीड़िता ने इस दुर्व्यवहार की शिकायत कंपनी यूनिट के मैनेजर से की, तो उसकी बात को पूरी तरह अनसुना कर दिया गया। इसके कुछ समय बाद, दो अन्य आरोपियों- दानिश और तौसीफ ने डिजिटल रूप से उसका पीछा करना शुरू कर दिया और उसके बारे में झूठी अफवाहें फैलाईं।
कैसे हुआ इस पूरे मामले का खुलासा?
यह पूरा विवाद तब खुलकर सामने आया जब एक महिला ने अपने सहकर्मी दानिश शेख पर गंभीर आरोप लगाए। महिला के मुताबिक, दानिश ने 2022 में शादी का झूठा वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि वह पहले से ही किसी और महिला के साथ शादीशुदा था।
धर्मांतरण का दबाव
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दानिश की बहन निदा खान (जो अभी फरार है) ने शिकायतकर्ता के धर्म के बारे में अपमानजनक बातें कहीं और उस पर धर्म बदलने का भारी दबाव डाला। यह भी आरोप है कि निदा खान और तौसीफ अख्तर ने साजिश के तहत शिकायतकर्ता से यह बात छिपाई कि दानिश पहले से शादीशुदा है।
7 अन्य महिलाओं और 1 पुरुष ने भी तोड़ी चुप्पी
जैसे ही पुलिस ने दानिश के खिलाफ दर्ज मामले की जांच शुरू की, कंपनी की 7 अन्य महिलाएं भी हिम्मत जुटाकर सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सीनियर सहयोगियों ने कार्यस्थल पर उनका मानसिक और यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने कंपनी के मानव संसाधन (HR) विभाग से इसकी शिकायत की, तो उनकी शिकायतों को जानबूझकर नजरअंदाज कर दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, उत्पीड़न की ये सभी घटनाएं फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच की हैं। हैरानी की बात यह है कि महिलाओं के अलावा, एक पुरुष कर्मचारी ने भी शिकायत दर्ज कराई है और कार्यस्थल पर अपने धर्मांतरण के प्रयास का आरोप लगाया है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए 7 टीसीएस कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 6 पुरुष और 1 महिला एचआर हेड शामिल हैं। कंपनी ने इन सभी गिरफ्तार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
दानिश शेख,तौसीफ अत्तार,रजा रफीक मेमन, शाहरुख कुरैशी
शफी शेख,आसिफ आफताब अंसारी,अश्विनी चैनानी (HR हेड)
एचआर हेड और अन्य आरोपियों की भूमिका
अश्विनी चैनानी (HR) पर आरोप है कि इन्होनें एक पीड़िता को शिकायत दर्ज कराने से रोका और उसे हतोत्साहित करने का प्रयास किया। निदा खान (दानिश की बहन) फिलहाल फरार है और इसे धार्मिक उत्पीड़न और धर्मांतरण का दबाव डालने के मामले में नामजद किया गया है।



