भोपाल: कैम्पस बुलेटिन की तरह सिटी बुलेटिन भी निकालें विद्यार्थी- कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी
वीडियो,चित्र,फोटो के महत्व पर फोकस

कैम्पस बुलेटिन की तरह सिटी बुलेटिन भी निकालें विद्यार्थी- कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी
एमसीयू के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में विभागीय सत्रारंभ कार्यक्रम
भोपाल, 24 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में विभागीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवीन विद्यार्थियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) मोनिका वर्मा ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी का पुस्तक भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने उद्वबोधन में कुलगुरु श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से कक्षाओं में रहकर गंभीरता के साथ पढ़ाई करने एवं पुस्तकालय में जाकर अपने-अपने विषय से संबंधित पुस्तकों का अध्ययन करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे पुस्तकालय से अच्छी पुस्तकें पढ़ें एवं इस परिसर के तक्षशिला एवं विक्रमशिला के मध्य उस पर अलग-अलग ग्रुप बनाकर चर्चा करें। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल देखने की लत से दूर रहने एवं कौशल को विकसित करने पर जोर दिया।
कुलगुरु श्री तिवारी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के नवीन विद्यार्थियों से कहा कि उनका काम शब्दों के विजुलाईजेशन से संबंधित है, इसलिए उन्हें वीडियो, चित्र, फोटो के महत्व को जानना और समझना होगा। उन्होंने तीन दिवसीय अभ्युदय में विभाग द्वारा बनाए गए न्यूज बुलेटिन की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा बहुत ही अच्छा कार्य किया गया है और वे इसे लगातार जारी रखें। उन्होंने कहा कि कैम्पस एपिसोड के साथ ही छात्रों को सिटी एपिसोड बुलेटिन भी बनाना चाहिए और आगे चलकर नेशनल एपिसोड भी बनाया जा सकता है।
स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मोनिका वर्मा ने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहने, कक्षाओं में पूरे मन लगाकर पढ़ाई करने पर बल दिया। उन्होंने प्रायोगिक कार्य के लिए स्टुडियो का भरपूर उपयोग करने की छात्रों से बात कही। शिक्षकों का विद्यार्थियों से कक्षावार कार्यदायित्वों का परिचय कराया एवं मेंटर-मेंटी स्कीम की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभाग के एसो. प्रोफेसर डॉ. संजीव गुप्ता, वरिष्ठ सहा. प्राध्यापक डॉ.मुकेश चौरासे, डॉ. राहुल खड़िया, डॉ.अरुण खोबरे, प्रोड्यूसर डॉ. मनोज पटेल, अतिथि शिक्षक डॉ. अरुण पाटिलकर, डॉ. अरुण शर्मा, डॉ. क्षितिज जायसवाल, जगमोहन सिंह राठौर, कौशल सोनी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।



