कमिश्नर एवं आईजी पहुंचे सीहोर: कहा- राजस्व एवं पुलिस अधिकारी समन्वय के साथ करें कार्य, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय रहें
उच्चस्तरीय बैठक के दौरान निर्देश किए जारी

कमिश्नर एवं आईजी पहुंचे सीहोर
कहा- राजस्व एवं पुलिस अधिकारी समन्वय के साथ करें कार्य, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय रहें
कमिश्नर और आईजी ने की कानून व्यवस्थाओं की समीक्षा
चिन्हित अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी के दिए निर्देश
सीहोर, 24 जुलाई, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा एवं भोपाल रेंज (देहात) पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र ने सीहोर जिला पंचायत सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। कानून एवं शांति व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के प्रारंभिक संकेतों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार संयुक्त भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोटवार एवं पटवारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके माध्यम से क्षेत्रीय सूचनाएं प्राप्त कर सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए।
भोपाल रेंज पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र ने निर्देश दिए कि चिन्हित अपराधियों और असमाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। आगामी त्योहारों एवं विशेष अवसरों को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक एवं बॉण्ड ओवर की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही समय समय पर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं राजस्व अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर छोटी से छोटी गतिविधियों की जानकारी रखें और समय पर कार्रवाई करें। उन्होंने आज के समय में सोशल मीडिया त्वरित सूचनाओं का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए सोशल मीडिया की सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखें।
बैठक में कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने कुबेरेश्वर धाम के आयोजन के संबंध में की गई व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में अधिकारियों ने जिले की कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखते हुए आमजन में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, संयुक्त कलेक्टर रविंद्र परमार, सीएसपी डॉ अभिनंदना शर्मा, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।