सीहोर : किसानों को खाद के लिए न होना पड़े परेशान – कलेक्टर
आष्टा क्षेत्र में कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सीहोर : किसानों को खाद के लिए न होना पड़े परेशान – कलेक्टर
सीहोर, 11 जून, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
कलेक्टर बालागुरू के. ने आष्टा, कोठरी, ग्राम डाबरी और पगरिया राम में सहकारी समितियों द्वारा किए जा रहे खाद वितरण कार्य, फार्मर आईडी कैंप, समिति कार्यालयों तथा किसानों के लिए संचालित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद लेने पहुंचे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर बालागुरू के. ने सहकारी समितियों में संचालित ई-टोकन प्रक्रिया की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा किसानों से चर्चा कर व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े और खाद विक्रय केंद्रो पर किसानों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए और किसानों को ई टोकन के माध्यम से पात्रतानुसार एवं नियमानुसार ही खाद प्रदान किया जाए।कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने खाद के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया तथा गोदाम का निरीक्षण कर भंडारण व्यवस्था देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-विकास पोर्टल पर दर्ज खाद स्टॉक एवं गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक के बीच किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए लगाए गए विशेष कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, कृषि संबंधी सुविधाओं एवं सहायता योजनाओं से जुड़ने के लिए फार्मर आईडी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से स्वयं आगे आकर अपनी फार्मर आईडी बनवाने की अपील भी की।
कलेक्टर ने किसानों को कृषि में खाद का संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने से फसल उत्पादन बेहतर होता है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है तथा कृषि लागत को भी नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण, फार्मर आईडी निर्माण एवं अन्य किसान हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और किसानों को समय पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नितिन टाले, तहसीलदार रामलाल पगारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



