कलेक्टर ने इछावर में सहकारी बैंक एवं समिति का किया निरीक्षण, देखी ई-टोकन बनाने की प्रक्रिया
निरीक्षण/निर्देश

कलेक्टर ने इछावर में सहकारी बैंक एवं समिति का किया निरीक्षण, देखी ई-टोकन बनाने की प्रक्रिया
सीहोर, 05 जून, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर में सहकारी बैंक एवं सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा खाद वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक परिसर में उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों को नियमानुसार एवं पारदर्शिता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने ई-विकास पोर्टल के माध्यम से संचालित खाद वितरण प्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने खाद के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया तथा गोदाम का निरीक्षण कर भंडारण व्यवस्था देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-विकास पोर्टल पर दर्ज खाद स्टॉक एवं गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक के बीच किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। स्टॉक प्रबंधन में पूर्ण सटीकता बनाए रखने तथा नियमित रूप से रिकॉर्ड को अद्यतन करने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने किसानों को ई-टोकन जारी करने की संपूर्ण प्रक्रिया को देखा और समझा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को ई-टोकन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाये, जिससे उन्हें खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी बन सके।