इछावर (मध्यप्रदेश) : आखिरकार वन विभाग ने तेंदुए को दिखाया पिंजरे का रास्ता,
वन विभाग की सफलता...

आखिरकार वन विभाग ने तेंदुए को दिखाया पिंजरे का रास्ता,
तेंदुए की दहशतगर्दी से मिली ग्रामीणों को निजात,
कई जंगली जानवरों और मवेशियों को बना चुका था अपना शिकार
इछावर, 16 मई 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
वर्षों से इछावर वन परिक्षेत्र में स्वच्छंद विचरण कर रहे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे का रास्ता दिखाने में सफलता प्राप्त की है। उसे इछावर से सटे निपानिया तालाब की नहर से धर-दबोचा गया। यह तेंदुआ पिछले कुछ वर्षों से मवेशियों को अपना शिकार बनाने में माहिर बताया जा रहा था।
इछावर रेंजर विरेंद्र कुमार बिसौरिया ने बताया कि बीती रात 9:00 बजे विभाग को सूचना मिली कि इछावर के नजदीक निपानिया तालाब की नहर वाले पाइप में तेंदुआ घुसा है। सूचना के तत्पश्चात् वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और पकड़ने के लिए आवश्यक जाल बिछाया गया। आष्टा से 15-16 की दरमियानी रात पिंजरा बुलवाया गया और रातभर चले पकड़ने के इस अभियान के बाद शुक्रवार सुबह 05:10 बजे आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में आ गया।

रेंजर बिसौरिया ने बताया की आज दौपहर वन विभाग के अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इछावर वन परिक्षेत्र के बालुपाट सघन जंगल में तेंदुए को छोड़ दिया गया है।
जानकारी अनुसार पकड़ा गया तेंदुआ ग्राम निपानिया के आसपास आतंक मचाए हुए था, उसने कुत्तों और कुछ मवेशियों को अपना शिकार बनाया था। गत वर्षों में तेंदुए ने ग्राम बिछोली, खेजड़ा एवं ढाबलामाता में गाय-भैंस सहित अन्य जगंली जानवरों को भी अपना शिकार बनाया था।
तभी से इछावर के आसपास यह तेंदुआ लगातार देखा जा रहा था। इसे पकड़ने और खोजबीन के प्रयास पूर्व में भी किए जा चुके हैं लेकिन इस बार तेंदुआ वन विभाग को चकमा देने में नाकामयाब रहा और पिंजरें में धरा गया। ग्रामीणों ने भी तेंदुए की दहशतगर्दी से निजात मिलने पर खुशी जाहिर की है।