इछावर : ग्राम पंचायत गऊखेड़ी में ‘खेत बचाओ’ एवं गाजीखेड़ी में डेंटल फ्लोरोसिस जांच शिविर आयोजित
किसानों एवं छात्रों को दी गईं विषयांतर्गत जानकारियां

ग्राम पंचायत गऊखेड़ी ‘खेत बचाओ एवं इछावर के गाजीखेड़ी में डेंटल फ्लोरोसिस जांच शिविर आयोजित
इछावर, 19 नवम्बर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
ग्राम पंचायत गऊखेड़ी में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को खेतों की मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, कृषि भूमि के संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने किसानों से खेतों की मिट्टी का स्वास्थ्य बनाए रखने, कृषि भूमि को सुरक्षित रखने तथा शासन द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस दौरान किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।
——————–
इछावर के गाजीखेड़ी में डेंटल फ्लोरोसिस जांच शिविर आयोजित
इछावर, 19 नवम्बर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
इछावर विकासखंड के ग्राम गाजीखेड़ी में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में डेंटल फ्लोरोसिस जांच शिविर आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि शिविर का आयोजन नोडल अधिकारी डॉ. रुचिरा उईके के निर्देशन में किया गया। शिविर में कुल 110 बालक-बालिकाओं की डेंटल फ्लोरोसिस संबंधी जांच एवं स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 30 बच्चों में डेंटल फ्लोरोसिस के मामले पाए गए। शिविर का उद्देश्य बच्चों में दांतों से संबंधित इस समस्या की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाना है।



