थाना शाहगंज, आष्टा पुलिस ने जब्त किया गांजा तो थाना मंडी सीहोर पुलिस ने दबोचे जुआरी
अवैध गतिविधियों पर अंकुश की तरफ पुलिस के प्रयास

थाना शाहगंज, आष्टा पुलिस ने जब्त किया गांजा तो थाना मंडी सीहोर पुलिस ने दबोचे जुआरी
सीहोर, 03 अक्तूबर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
मंगलवार को सीहोर जिले के तीन थानों की अलग-अलग पुलिस टीमों ने अवैध गतिविधियों पर छापामार कार्रवाई करते हुए अच्छी सफलता प्राप्त की। अवैध पटाखों की दुकान पर भी की गई कार्रवाई। दीपावली के पहले पुलिस ने कमर कसते हुए आसमाजिक तत्वों की खैर-ख़बर लेना शुरू कर दिया…लगता है।
जानकारी अनुसार थाना शाहगंज प्रभारी दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नांदिगा माता के पास, शाहगंज से आरोपी डब्बू उर्फ विनोद सैनी पिता ईश्वर प्रसाद सैनी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 519 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई के दौरान एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना आष्टा पुलिस टीम ने आरोपी ईश्वर सिंह परमार पिता बाबू सिंह परमार निवासी भंवरा को गिरफ्तार किया। यह आरोपी खुद के घर से ही गांजा बेचता पाया गया। इसके पास से 910 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
तीसरी कार्रवाई थाना मंडी पुलिस द्वारा जुआरियों पर की गई। थाना प्रभारी अर्चना सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ‘महांकाल आटो डील’ के पीछे सार्वजनिक रुप से ताश के पत्तों से ‘हार-जीत’ का दाव लगा रहे तीन आरोपी सीहोर निवासी दीपक दुर्वानी, अनुज श्रीवास्तव एवं महेश राजपूत को रविवार को अभिरक्षा में लिया। तीनों के पास से ₹10,700 नकद एवं ताश पत्ते जब्त किए गए और जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सीएसपी डॉ अभिवंदना शर्मा ने भी पुलिस बल के साथ सीहोर नगर में सघन चेकिंग अभियान को गति प्रदान करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।



