आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने कहा- रामनगर सेक्टर से हटाएं सुपरवाइजर
एसडीएम को सौंपा आवेदन, परेशानियों से कराया अवगत

रामनगर सेक्टर से सुपरवाइजर को हटाने और परेशानियों से बचाने की मांग लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं पहुंची एसडीएम ऑफिस..
इछावर, 23 अक्टूबर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
शुक्रवार को इछावर ब्लॉक के रामनगर सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सामुहिक रुप से एसडीएम ऑफिस इछावर पहुंची जहां उन्होंने सेक्टर प्रभारी सुपरवाइजर पर अकारण परेशान करने का आरोप लगाते हुए उनके अंयत्र स्थानांतरण की मांग रखी।
कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपने पत्र में शिकायतों के 10 बिंदुओं से एसडीएम स्वाती मिश्रा को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सेक्टर प्रभारी हम से अभद्र व्यवहार किया जाता है। हमें मानसिक रुप से परेशान किया जा रहा है। एक महिने में कई बार बैठकें की जाती है। कार्यकर्ताओं से ‘डीठ’, ‘बेशर्म’, ‘कामचोर’ जैसे आपत्तिजनक शब्द बोले जाते हैं।
यही नहीं कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं को आंगनबाड़ी केंद्र से बाहर निकालकर ग्रामीणों से कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कथित रुप से प्रतिकूल बयान लिखवाए जाते हैं और गलत संवाद कर छवि खराब की जाती है। बारबार नौकरी से हटाने और मानदेय काटने की धमकी दी जाती है।
कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं ने एसडीएम को अवगत कराया कि निरीक्षण के दौरान सेक्टर प्रभारी द्वारा सुबह 11बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक हमें केंद्र में बैठाए रखा जाता है। मिटिंग की सूचना समय और स्थान तत्काल में बताए जाते हैं।
रामनगर सेक्टर की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आवेदन सौंपते हुए कहा कि उक्त सुपरवाइजर का स्थानांतरण अन्य किसी सेक्टर में किया जाए जिससे हमें मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति मिल सके।
इस मौके पर अनीता ठाकुर, मंजू वर्मा,प्रेम बाई राठौर, रीना वर्मा,पार्वती सगवालिया, हेमलता ठाकुर, ऊर्मिला पचलानिया, तेजूकुंवर ठाकुर, सविता मेवाड़ा,धनकुवर मालवीय, कृष्णा मालवीय, माया वर्मा , गायत्री मेवाड़ा, पुष्पा ठाकुर, संजू परमाल, क्षमा वर्मा, अनीता ठाकुर, संतोष अस्थाया आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिकाएं मौजूद थीं।



