
वैशाली जिले में नाव हादसा : एक ही परिवार के थे 09 बच्चे, कल शाम 13 की हुई थी मौत
हाजीपुर/बिहार,14 अक्तूबर 2026
मीडिया रिपोर्ट
वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की देर शाम नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई. इनमें 10 बच्चियां शामिल हैं।
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। इस त्रासदी में रामपुर श्यामचंद पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी उमेश यादव के परिवार के नौ लोगों की मौत की सूचना है. एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
उमेश यादव के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में उमेश यादव के परिवार के नौ लोगों की जान जाने की सूचना से घर में मातम पसरा है. जानकारी के अनुसार, मृतकों में उमेश यादव के दो भाई, छह भतीजे और एक बहन शामिल हैं. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में अपनों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण
बताया जाता है कि भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग छोटी नाव पर सवार होकर जा रहे थे. स्थानीय जानकारी के मुताबिक, नाव की क्षमता करीब छह लोगों की थी. अधिक लोगों के सवार होने के कारण नाव अनियंत्रित होकर गंगा की छोटी धारा में पलट गई.
मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में शुरू हुआ बचाव कार्य
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनों की सलामती की उम्मीद में घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े. ग्रामीणों ने मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में बचाव कार्य शुरू किया. डूबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. एक साथ 13 बच्चों की मौत की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।



