Blog

सीहोर : ‘विश्व आदिवासी दिवस’ पर सीहोर में विशाल चल समारोह के साथ आमसभा का आयोजन, हजारों लोगों ने की शिरकत

समाज और देश की खातिर लिए कई संकल्प

‘विश्व आदिवासी दिवस’ पर सीहोर में विशाल चल समारोह के साथ आमसभा का आयोजन, हजारों लोगों ने की शिरकत

हाइलाइट्स

नशे से दूर रहेंगे,परंपराओं को जीवित रखेंगे,पढ़ेंगे लड़ेंगे जीतेंगे

जय आदिवासी युवा शक्ति और सर्व आदिवासी समाज ने शहर में निकाला विशाल चल समारोह

शहर में गूंज उठा जय जोहार का जयकारा, पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए आदिवासी

बाल विहार मैदान में हुई आम सभा वक्ताओं ने सरकार को घेरा

सीहोर, 09 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर भव्य चल समारोह एवं आमसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों युवाओं ने नशे से दूर रहेंगे,परंपराओं को जीवित रखेंगे,पढ़ेंगे-लड़ेंगे जीतेंगे का संकल्प लिया। बाल विहार मैदान पर हुई आमसभा में वक्ताओं ने खुलकर विचार व्यक्त किए।

साथ ही आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता की अनुशंसा पर शहर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने, और आदिवासी समाज के लिए धर्मशाला बनाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य करने की घोषणा की।

जय आदिवासी युवा शक्ति और सर्व आदिवासी समाज ने शहर में विशाल चल समारोह निकाला । पारंपरिक वेशभूषा में तीर कमान, ढोल-मादान लेकर हजारों युवक-युवती,बुजुर्ग, बच्चों के साथ चल समारोह में शामिल हुए। विश्व आदिवासी दिवस रविवार को शहर में हर्षोल्लास से मनाया गया।एक तीर, एक कमान, सभी आदिवासी, एक समान और जय जोहार का नारा शहर में गूंजता रहा।

जय आदिवासी युवा शक्ति और सर्व आदिवासी समाज के द्वारा बाल विहार मैदान से अटल बिहारी वाजपेई चौराहा, बड़ा बाजार पन चौराहा कोतवाली चौराहा, इंग्लिश पुरा रोड से भोपाल नाका कॉलेज मैदान तक विशाल चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में विभिन्न अलग-अलग टोलियों में आदिवासी छात्र-छात्राएं नाचते- गाते हुए चल रहे थे। चल समारोह में तीर कमान भला लिए बुजुर्ग आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चे बूढ़े और जवान पारंपरिक कपड़ों में सजे धजे दिखाई दिए। पारंपरिक वेशभूषा और साजों सामान के साथ आदिवासी समाज में उत्साह का माहौल बना रहा।

बाल विहार मैदान में आयोजित सामाजिक सभा में समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं विशिष्ट जनों का शाल श्रीफल स्मृति चिन्ह और संविधान की पुस्तक भेंटकर स्वागत सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश जमाले के द्वारा की गई। आमसभा को बीएस जामोद सचिव, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, डॉ ओमप्रकाश धुर्वे प्रोफेसर कृषि विभाग, श्रीमती निर्मला सुनील बारेला ‘अध्यक्ष’ आदिवासी वित्त एवं विकास निगम, प्रहलाद सस्त्या सहायक कृषि निदेशक एडीए कषि विभाग आदि ने संबोधित किया।

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button