
बूझो जानो फिर देखो अपना मध्यप्रदेश’ की तर्ज पर हुआ पर्यटन क्विज
सीहोर, 09 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
एमपी टूरिज्म बोर्ड,जिला प्रशासन, जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, शिक्षा विभाग और राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा सीहोर के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 145 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के दलों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में लिखित परीक्षा हुई, जिसके आधार पर प्रथम 6 टीमों का चयन ऑडियो विजुअल राउंड के लिए किया गया। इस राउंड में बूझो जानो फिर देखो अपना मध्यप्रदेश की तर्ज पर पर्यटन से संबंधित प्रश्नों के आधार पर कुल 10 राउंड में आयोजित किये गये। जिसमें पर्यटन से संबंधित धार्मिक नगरों, ऐतिहासिक स्थलों, साहित्यिक सामाजिक, जिलों राष्ट्रीय अभ्यारण्यों सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के प्रश्नों के आधार पर चयनित 6 टीमों ने अपने समय अनुसार उत्तर दिये।
प्रतियोगिता में ऑडियो विजुअल राउंड के आधार पर प्रथम स्थान नूतन बाल विद्या मंदिर स्कूल, दूसरा स्थान मॉडल नर्सरी हायर सेकेंडरी स्कूल, तीसरा स्थान न्यू मोनालिसा हायर सेकेण्डरी स्कूल, चैथा स्थान शासकीय उमावि कोठरी, पांचवा स्थान शासकीय कन्या उमावि बायां और छठवां स्थान शासकीय उत्कृष्ट उमावि सीहोर ने प्राप्त किया। विजेता दलों को आकर्षक मेडल, कूपन और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला सीहोर जिले का दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीहोर जिले का प्रतिनिधित्व करेगा। विजेता प्रथम तीन टीम को 3 दिन 2 रात का मध्यप्रदेश पर्यटन की ओर से 500 किमी के दायरे में फ्री टूर पैकेज मिलेगा तथा उपविजेता तीन टीम को 2 दिन 1 रात का मध्यप्रदेश पर्यटन की ओर से 500 किमी के दायरे में सर्वसुविधा युक्त फ्री टूर पैकेज मिलेगा ।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा, प्रबंधक ई गवर्नेंस गौरव बंसल, प्राचार्य आलोक शर्मा, अंकुर जैन, अंकुर शर्मा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।



