सीहोर जिला

आगामी दो माह अब इछावर के कालियादेव सहित अमरगढ़ एवं दिगंबर वॉटरफॉल पर आवागमन प्रतिबंधित

कलेक्टर ने किए आदेश जारी

आगामी दो माह अब इछावर के कालियादेव सहित अमरगढ़ एवं दिगंबर वॉटरफॉल पर आवागमन प्रतिबंधित

01 जुलाई से 31 अगस्त तक रहेगा प्रतिबंध

सीहोर, 30 जून, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

वर्षा ऋतु के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बालागुरू के. ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश जारी कर बुधनी के अमरगढ़ वॉटरफॉल, दिगंबर वॉटरफॉल एवं इछावर के कालियादेव वॉटरफॉल पर आम नागरिकों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 01 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक प्रभावशील रहेगा।

जारी आदेशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान इन प्राकृतिक जल प्रपातों पर जलस्तर में अचानक वृद्धि, तेज बहाव, फिसलन एवं अन्य प्राकृतिक जोखिमों के कारण जनहानि की आशंका बनी रहती है। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रतिबंध अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति को अमरगढ़, कालियादेव एवं दिगंबर वॉटरफॉल क्षेत्र में प्रवेश, भ्रमण, स्नान, सेल्फी लेने अथवा अन्य गतिविधियां करने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही इन स्थानों पर वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जाएं।

कलेक्टर बालागुरू के. ने नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिबंधित स्थलों पर जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में थोड़ी-सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button