…जब अमरगढ़ वॉटरफॉल जा रहे 20 लोगों को बेरंग वापस लौटना पड़ा
सीहोर जिले के तीन वॉटरफॉल जाने पर कलेक्टर लगा चुके प्रतिबंध

…जब अमरगढ़ वॉटरफॉल जा रहे 20 लोगों को बेरंग वापस लौटना पड़ा।
कलेक्टर ने वर्षाकाल में जोखिमपूर्ण स्थलों पर न जाने की नागरिकों से की अपील
सीहोर, 12 जुलाई, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
संडे को अमरगढ़ वॉटरफॉल पर तफरी के लिए जा रहे 20 लोगों को शासन की तैनात टीम द्वारा सख्त हिदायत देते हुए उन्हें रास्ते से ही बेरंग वापस लौटा दिया गया।
कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशानुसार वर्षाकाल में नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी वॉटरफॉल, डैम, जल पर्यटन स्थलों एवं अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश प्रभावी हैं। इन स्थानों पर वर्षा के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए राजस्व, वन, पुलिस तथा अन्य विभागों के मैदानी अमले की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि पर्यटकों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से रोका जा सके तथा उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अमरगढ़, दिगंबर और कालियादेव वॉटरफॉल सहित इन सभी दुर्घटना संभावित स्थलों पर नागरिकों को जाने से रोकने के लिए इनके पहुंच मार्गों पर टीमें तैनात की गई हैं। टीम द्वारा अमरगढ़ वॉटरफॉल जा रहे 20 लोगों को प्रतिबंधात्मक आदेश की जानकारी देकर वापस लौटाया गया।
उधर कलेक्टर बालागुरू के. ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें। नागरिकों का जीवन एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षाकाल में जिले के इन पर्यटन स्थलों पर सीहोर के साथ-साथ भोपाल से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करने तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की है।



