समय सीमा में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें अधिकारी- राजस्व मंत्री श्री वर्मा ग्राम धामंदा में राजस्व मंत्री जनता से हुए मुखातिब, एसपी श्रीमती सक्सेना ने साइब क्राइम को लेकर किया जागरुक…
सीहोर जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियानांतर्गत कार्यक्रम

समय सीमा में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें अधिकारी- राजस्व मंत्री श्री वर्मा
ग्राम धामंदा में राजस्व मंत्री जनता से हुए मुखातिब,
एसपी श्रीमती सक्सेना ने साइब क्राइम को लेकर किया जागरुक…
सीहोर/इछावर, 29 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शनिवार को इछावर तहसील के गांव धामंदा पहुंचे जहां उन्होंने ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक…
जिले के सीहोर विकासखंड के गांव जाजन खेड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद करते हुए एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने नागरिकों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क और जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही साइबर अपराधों के नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सावधानी बरतना आवश्यक है।
एसपी श्रीमती सक्सेना ने ग्रामीणों को आमजन से सीधे जुड़े कानूनों एवं नागरिकों के अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार के सदस्यों, बच्चों, बुजुर्गों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



