इछावर : गोवर्धन और गोवंश की पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है- राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा
गोवर्धन पूजन कार्यक्रम लसूड़ियाकांगर

गोवर्धन और गोवंश की पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है- राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा
राजस्व मंत्री ने गोवर्धन पूजा कर देश-प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की
इछावर, 22 अक्टूबर, 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
गोवर्धन पूजन का पर्व इछावर सहित जिले में श्रद्धा, उत्साह और परंपरागत गरिमा के साथ मनाया गया। जिलेभर में आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, गोपालक, शासकीय सेवक तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ग्राम लसूड़िया कांगर में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि विधान से गोवर्धन की पूजा अर्चना कर देश प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि गौसंरक्षण हमारी संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ा विषय है। उन्होने कहा कि गोवर्धन और गोवंश की पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है, और इसके लिए पशुपालन और जन-भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। पशुपालन से दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा की गोवर्धन पूजा के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक परंपरा को सहेजने का कार्य किया, बल्कि समाज में पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण की दिशा में जन चेतना का भी सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा फसल कटने और नई फसल की शुरूआत का समय है। इस घड़ी को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष जगदीश वर्मा, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कैलाश सुराना, राधेश्याम वर्मा, अनिल चौहान, सरपंचगण एवं अन्य ग्रामीण प्रमुख रुप से शामिल रहे।