मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘सेवा पखवाड़ा’ मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्रदेश सरकार का एक ओर अभियान...

मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘सेवा पखवाड़ा’
मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भोपाल, 13 सितंबर, 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में प्रदेश में अनेक गतिविधियाँ आयोजित किये जाने के संबंध में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने मंत्रालय में प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में प्रदेश में अनेक गतिविधियाँ आयोजित किये जाने के संबंध में बैठक ली। मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग अपनी गतिविधियाँ निर्धारित कर लें। दो कार्यक्रमों का प्रदेश में शुभारंभ होगा। इनमें राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान शामिल है। सभी कार्यक्रम इस तरह किये जायें कि प्रदेश वर्ष 2029 तक देश के औसत से आगे आ सके। नगरीय विकास एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता कार्यक्रमों से जनता को जोड़ें। उन्होंने कहा कि खाने के तेल की खपत को 10 प्रतिशत घटाने को अभियान में शामिल किया जाये।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। किये गये कार्यों का प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में भरा जाये। मध्यप्रदेश सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में आता है, इस अनुरूप कार्य किया जाये। आगामी त्यौहारों में कलेक्टर्स जिलों में सावधानियाँ बरतें। दुर्घटना रोकने के पुख्ता इंतजाम किये जायें। झाँकियों के विसर्जन के दौरान हादसे न होने पायें, इसकी सावधानियाँ रखी जायें।
बैठक में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 17 सितम्बर को प्रदेश में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। प्रदेश के 8 शहरों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जायेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा। महिला एवं बाल विकास द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया जायेगा एवं मोटापा नियंत्रण कार्यक्रम किया जायेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विभाग द्वारा स्वच्छोत्सव अंतर्गत 5 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।