सीहोर जनपद पंचायत की बैठक की अनाधिकृत रुप से अध्यक्षता करने वाले भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग
राजनीति

सीहोर जनपद पंचायत की बैठक की अनाधिकृत रुप से अध्यक्षता करने वाले भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग
प्रधानमंत्री की महिला सशक्तिकरण की अवधारणा को पलीता लगा रहे भाजपा नेता – पंकज शर्मा
सीहोर, 22 सितंबर 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर भाजपा की नारी सशक्तिकरण की अवधारणा पर करारा वार किया है। उन्होंने इसे केवल एक जुमला करार दिया है। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि जनपद पंचायत सीहोर में गुरुवार 17 सितंबर को 16वाँ वित्त ग्क्रियान्वित करने को लेकर बैठी का आयोजन हुआ था और उसी में जलजीवन मिशन का प्रशिक्षण भी था। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी दी गई तथा इस बैठक के एजेंडे में पहले ही कहा गया था कि इसमें केवल चुने हुए जनप्रतिनिधि ही शामिल होंगे तथा किसी भी सदस्य का प्रतिनिधि नहीं चलेगा, लेकिन फिर भी इसमें कई जनपद सदस्यों के पति शामिल हुए।
इस सबके अलावा सबसे बड़े दुर्भाग्य की बात ये रही कि इसकी अध्यक्षता भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने की, जो कि स्वयं चुना हुआ जनप्रतिनिधि नहीं है और केवल सत्ताधारी दल भाजपा का एक प्रभावशाली नेता होने के कारण किसी ने उन्हें नहीं रोका तथा उन्होंने सारे नियम, कानूनों और एजेंडे को धता बताते हुए इस बैठक की अध्यक्षता की।
पंकज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नारी सशक्तिकरण की अवधारणा को उनकी ही पार्टी के पुरुष नेता पलीता लगा रहे हैं और चुनी हुई महिलाओं को केवल ‘रबर स्टाम्प’ बना दिया गया है तथा उनके सारे कार्य उनके पति ही कर रहे हैं। इस मामले में तो सारी हदें ही पार हो गईं जब तय एजेंडे को ही दरकिनार कर इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने की, जो कि चुने हुए जनप्रतिनिधि नहीं हैं और उनको इस बैठक की अध्यक्षता करने का कोई अधिकार नहीं था। पंकज शर्मा ने कहा कि यहां सबसे बड़ी हैरानी की बात ये रही कि किसी भी सदस्य या अधिकारी ने एक अनाधिकृत व्यक्ति को बैठक की अध्यक्षता करने से नहीं रोका, जिससे यह साबित होता है कि सदस्यों और अधिकारियों में भाजपा नेताओं का खौफ किस कदर व्याप्त है कि वो इनके गैर कानूनी कार्यों का विरोध भी नहीं कर पाते हैं, जिससे इनका हौसला बुलंद होता है तथा ये लगातार नियम विरुद्ध कार्य करते जाते हैं। पंकज शर्मा ने इस महत्वपूर्ण बैठक में अनाधिकृत रूप से शामिल हुए भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह मेवाड़ा पर तत्काल मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग सीहोर जिला प्रशासन से की है और ऐसा ना किए जाने पर कांग्रेस पार्टी द्वारा उच्च स्तर पर शिकायत किए जाने की चेतावनी दी है।



