
रेहटी पुलिस के हाथों धराए बेटरी चोरी के दो आरोपी…सीहोर, 07 जून 2026, एमपी मीडिया पॉइंट जानकारी के मुताबिक गत 04 जून 2026 को फरियादी जगदीश साहू पिता स्व. शिवदयाल साहू, उम्र 67 वर्ष, निवासी बायां, थाना रेहटी, जिला सीहोर ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 30 मई 2026 की रात्रि में अज्ञात चोर उनके दो डम्परों से कुल चार बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर थाना रेहटी में अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
इसी प्रकार दिनांक 04 जून 2026 को ही फरियादी शैलेन्द्र मीणा पिता रामकिशन मीणा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम आमला, थाना रातीबढ़, जिला भोपाल, हाल निवासी ग्राम बोरी, थाना रेहटी, जिला सीहोर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 30 मई 2026 की रात्रि में उनके हार्वेस्टर से एक्साइड कंपनी की दो बैटरियां, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना रेहटी में अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
दोनों रिपोर्ट पर कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए जिला पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई।
जांच के दौरान संदेही सचिन चौहान एवं शहीद मंसूरी से चोरी गई बैटरियों के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने उक्त चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई कुल 06 बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की गई। पुलिस द्वारा कुल लगभग 4 लाख रुपये मूल्य का मशरूका विधिवत जप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. सचिन चौहान पिता संतूलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम धतूरा, थाना नैनपुर, जिला मंडला, हाल निवासी मधुबन कॉलोनी, मंडीदीप, जिला रायसेन।
2. शहीद मंसूरी पिता बफाती खां, उम्र 39 वर्ष, निवासी 610 क्वार्टर, हिनोतिया आलम, कोलार रोड, भोपाल, जिला भोपाल।



