सरकार की योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह
आयोजन से लाभांवित लोगों को दी शुभकामनाएं

सरकार की योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह
सीहोर, 21 अगस्त 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शाहगंज में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता की सेवा करने और शासन के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करने की अभिनव पहल है। अभियान के माध्यम से मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निराकरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करना उनका अधिकार है, इसलिए उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।
हितग्राहियों से की वन टू वन चर्चा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा कर पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिला या नहीं तथा लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। श्रीमती शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने पीएम मुद्रा योजना के अंतर्गत पहले 10 हजार रुपये का ऋण लिया था और अब 25 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। श्री चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत उनका ऋण स्वीकृत हो गया है। वहीं श्री जितेंद्र एवं श्री भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है, आवास की सभी किश्तें प्राप्त हो गई हैं और उनका पक्का मकान भी बनकर तैयार हो गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विभागों ने लगाए स्टॉल, शिविर में आए 68 आवेदन
कार्यक्रम में सभी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। केंद्रीय कृषि मंत्री ने सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया। शाहगंज में आयोजित शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर भाजपा नेता,जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद थे।



