सीहोर जिले के लाड़कुई रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10.270 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, पांच कब्जाधारियों पर चला विभाग का बुलडोजर
आगे भी जारी रहेगी वन विभाग की कार्रवाई

सीहोर जिले के लाड़कुई रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10.270 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, पांच कब्जाधारियों पर चला विभाग का बुलडोजर
लाड़कुई (एमपी), 23 नवंबर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
जंगल की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं! वन संपदा की सुरक्षा और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए वन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के तहत वन परिक्षेत्र लाड़कुई की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर किशनपुर के कक्ष क्रमांक 352RF में 10.270 हेक्टेयर वन भूमि को पांच अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराया। जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध कब्जे हटाकर भूमि को पुनः वन क्षेत्र के रूप में संरक्षित किया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वन भूमि पर कब्जा करने वालों को स्पष्ट संदेश मिला है कि जंगल की जमीन पर गैरकानूनी कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वन मंडल अधिकारी के निर्देशन में हुई बड़ी कार्रवाई
वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना, वन अपराधों पर अंकुश लगाना और प्राकृतिक वन संपदा की सुरक्षा को मजबूत करना है।
इसी अभियान के अंतर्गत वन मंडल अधिकारी श्रीमती अर्चना पटेल के निर्देशन एवं उपवन मंडल अधिकारी बुधनी आर.के. चौधरी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश चंद्र उईके द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पांच व्यक्तियों के कब्जे से मुक्त कराई गई 10.270 हेक्टेयर भूमि वन विभाग की टीम ने ग्राम मुहाई निवासी पांच व्यक्तियों के कब्जे वाली वन भूमि को मुक्त कराया।
आज वन विभाग (सामान्य) से प्राप्त कार्रवाई की जानकारी अनुसार अतिक्रमण की गई भूमि का विवरण
1. पंकज पिता शिवनारायण जाट – 1.040 हेक्टेयर
2. बृजेश पिता मूलचंद पंडित – 1.200 हेक्टेयर
3. केदार पिता भाऊलाल – 3.400 हेक्टेयर
4. छोटेलाल पिता राम प्रसाद – 2.600 हेक्टेयर
5. प्रेम सिंह पिता भूरेसिंह – 2.030 हेक्टेयर
कुल 10.270 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई।
30 हेक्टेयर क्षेत्र में हो रहा पौधारोपण, वन संरक्षण को मिलेगी मजबूती
अतिक्रमण हटाने के बाद वन विभाग द्वारा भूमि पर गड्ढे कर उसे पुनः वन क्षेत्र के रूप में संरक्षित किया गया। इसी कक्ष में लगभग 30 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण का कार्य भी किया जा रहा है। इससे भविष्य में हरियाली बढ़ाने और वन क्षेत्र के विस्तार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सिंहपुर में भी हुई थी कार्रवाई, कुल 10.490 हेक्टेयर वन भूमि मुक्त
वन विभाग ने इससे पहले 19 नवंबर 2026 को परिसर सिंहपुर के कक्ष क्रमांक 428 में भी कार्रवाई करते हुए 0.220 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया था। इस प्रकरण में अशोक पिता प्रहलाद सूर्यवंशी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर छोड़ा गया।
इस प्रकार 19 और 23 नवंबर की दोनों कार्रवाइयों में वन विभाग ने कुल 10.490 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
वन विभाग की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस अभियान में परिक्षेत्र सहायक पीपलानी ओम कुमार गोयल, परिक्षेत्र सहायक नयापुरा शरद रंजन दांगी, बीट गार्ड किशनपुर कमल सिंह, वनपाल सुमन आर्य, वन रक्षक अरुण पेठारी, संजीत अहिरवार, संतोष कुमार वर्मा, प्रेम सागर बागवान, सूरजपाल सिंह राजपूत, महेंद्र कुमार राजपूत सहित अन्य वनकर्मी एवं सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।
वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी सख्ती
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



