सीहोर : कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिला अधिकारियों ने ग्रामवासियों से किया संवाद, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पिपलानी में शिविर आयोजित
अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर किए विचार व्यक्त, दी महत्वपूर्ण जानकारियां

सीहोर : कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिला अधिकारियों ने ग्रामवासियों से किया संवाद,
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पिपलानी में शिविर आयोजित
सीहोर, 16 अक्टूबर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत भैरूंदा विकासखंड के ग्राम पिपलानी में शिविर एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सर्जना यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण किया साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्ति करने की कार्यवाही की गई।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर कलेक्टर बालागुरू के. ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाना है।
कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण और जल के मितव्ययी उपयोग की आवश्यकता बताते हुए कहा कि कम वर्षा को देखते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना जरूरी है। किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इनके अनियंत्रित उपयोग से कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा रहता है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
एसपी ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा, कानूनों और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने ग्राम पिपलानी में ग्रामीणों से संवाद
कर उन्हें सामान्य उपयोग में आने वाले कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। एसपी श्रीमती सक्सेना ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर ग्रामीण तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
योजनाओं का लाभ लेने और गांव में स्वच्छता बनाए रखने की अपील
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सर्जना यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पिपलानी में आयोजित शिविर में ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने ग्रामवासियों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने, अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने किया ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों ने भैरूंदा विकासखंड के ग्राम पिपलानी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों और संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालयों में संचालित गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासकीय सेवाओं का लाभ आमजन तक समय-सीमा में पहुंचाएं तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें।



