
नशा मुक्ति सप्ताह के तहत सीहोर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं ने रैली निकालकर दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
सीहोर, 02 अक्टूबर 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर नशा मुक्ति सप्ताह के तहत सीहोर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर गिरिराज सिंह परिहार, सामाजिक न्याय विभाग के सहायक संचालक महेश यादव एवं प्राचार्य आलोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए देश और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। नशा मुक्ति के लिए जागरूकता और सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्राओं ने आमजन को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया तथा नशा मुक्त समाज और नशा मुक्त देश बनाने का संदेश दिया। रैली में छात्राओं ने जागरूकता संदेशों के माध्यम से नागरिकों से नशे के विरुद्ध अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जन भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।



