एलपीजी संकट के बीच राजस्थान में अवैध गैस एजेंसी का खुलासा, अंदर नजारा देख अधिकारियों के भी उड़े होश
गैस की किल्लत के बीच पकड़ाई अवैघ एजेंसी...

एलपीजी संकट के बीच राजस्थान में अवैध गैस एजेंसी का खुलासा, अंदर नजारा देख अधिकारियों के भी उड़े होश
कोटपुतली बहरोड़: राजस्थान में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ लगातार कार्रवाई तेज की जा रही है। इसी क्रम में कोटपुतली बहरोड़ में बड़ा खुलासा हुआ है। यहां श्यामनगर क्षेत्र में अवैध गैस एजेंसी का खुलासा हुआ है।यहां अवैध गैस कारोबार के खिलाफ रसद विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
201 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में एक्शन लेते हुए झमिला वाली ढाणी में संचालित एक कथित गैस एजेंसी पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने मौके से कुल 201 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 106 भरे हुए और 95 खाली सिलेंडर शामिल हैं। यह एजेंसी एक घर से संचालित की जा रही थी और इसके पास आवश्यक लाइसेंस व सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया।
कोई वैध दस्तावेज नहीं, ऐसे ही चल रही थी एजेंसी
जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब निरीक्षण किया तो बड़ी संख्या में सिलेंडर खुले में रखे मिले, जो गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि “गुंजन गैस एजेंसी” नाम से चल रहा यह प्रतिष्ठान कथित रूप से गैस पॉइंट पेट्रोलियम लिमिटेड से जुड़ा बताया जा रहा था, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि एजेंसी के पास न तो लेटर ऑफ इंडेंट था और न ही पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (PESO) का अनिवार्य लाइसेंस मौजूद था, जो गैस के भंडारण और वितरण के लिए बेहद जरूरी होता है। इस तरह बिना अनुमति के गैस का भंडारण और वितरण करना नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है। कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी पुष्पेंद्र चौधरी, प्रवर्तन निरीक्षक विश्राम गुर्जर सहित विभाग की टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। जब्त किए गए सिलेंडरों के मामले को आगे की कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा।



