मध्यप्रदेश

घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश, 1357 सिलेंडर जब्त

अफरातफरी के माहौल में परिवर्तन के सरकारी प्रयास..

घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश, 1357 सिलेंडर जब्त

भोपाल 15 मार्च, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्रीमती रश्मि अरूण शमी ने घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने तथा एजेंसियों के माध्यम से वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने भी अधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा के निर्देश दिए हैं।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार ने प्रेस ब्रीफ जारी कर नागरिकों से पैनिक बुकिंग नही करने का अनुरोध किया है। मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी में एजेंसी पर जाकर बुकिंग करने के स्थान पर डिजिटल माध्यम से बुकिंग करने की सलाह दी गयी है। ऑयल कंपनियों द्वारा मोबाइल एप, एसएमएस, व्हाट्सएप तथा आईवीआरएस कॉल द्वारा गैस बुकिंग की सुविधा प्रदान की गयी है| अत:उपभोक्ता बुकिंग के लिए इन डिजिटल माध्यम का प्रयोग करें |

देश में घरेलू गैस के उत्पादन में 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है । इसके अलावा स्ट्रैट ऑफ़ हॉर्मुज से एलपीजी के दो शिप भारत के लिए रवाना हो गए हैं, जो 16-17 मार्च तक भारत के कांडला (गुजरात) और मुंद्रा पोर्ट (मुंबई) पर पहुँच जायेंगे।

1357 सिलेंडर जप्त

एलपीजी की कालाबाजारी तथा जमाखोरी के विरूद्ध जारी निर्देशों के पालन में प्रदेश भर में लगातार कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में 1025 स्थानों पर कार्यवाही कर 1357 सिलेंडर जब्त किये गए तथा 08 प्रकरण में एफआईआर की गयी। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी तथा घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता के सम्बन्ध में ऑयल कंपनियों से समन्वय के लिए राज्य स्तर पर 6 सदस्यीय समिति भी गठित की गयी है, जो प्रदेश में कामर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी करेगी।

पीएनजी गैस का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं से अपील की गयी है कि वह अनावश्यक रूप से एलपीजी गैस बुकिंग नहीं करें। पेट्रोल, डीजल ,घरेलू पीएनजी तथा सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है और इनकी आपूर्ति भी निरंतर एवं बिना कटौती के जारी रहेगी।

गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण की समयबद्धता और उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है। समस्त जिला कलेक्टर को निर्देश दिए गए है कि यदि कहीं वितरण व्यवस्था में अनियमितता या विलंब की शिकायत मिलती है, तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन गलत सूचनाओं का प्रसार और अफवाहों को सख्ती से रोकें और उपभोक्ताओं तक मीडिया के माध्यम से सही सूचना पहुंचाएं। नागरिकों के बीच सकारात्मक माहौल बनाए और सूचना-तंत्र मजबूत कर अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करें।

ऑयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक है तथा प्रदेश के 11 बॉटलिंग प्लांट एवं वितरकों के गोदाम में पर्याप्त सिलेण्डर उपलब्ध हैं। घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की गयी है कि विगत अंतिम रिफिल के 25 दिन बाद पुनः बुकिंग करायें।

प्रशासन द्वारा वाणिज्यिक उपयोगकर्ताओं को उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने एवं वैकल्पिक ईंधन स्रोतों को अपनाने की सलाह भी दी गयी है। जहां पीएनजी लाइन उपलब्ध है वहां पीएनजी के कनेक्शन लेने और जिन कामो में गैस ज्यादा खर्च होती है उनको नियंत्रित करने एवं विकल्प तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाए।

प्रदेश में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति जारी है, उपभोक्ता अनावश्यक रूप से अफवाहों से भ्रमित न हों। देश की रिफायनरी उच्च क्षमता पर कार्य कर रही हैं तथा पश्चिम एशिया के अतिरिक्त अन्य स्थानों से भी कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

सिलेण्डर बुकिंग संबंधित शिकायत / सुझाव हेतु इन टोल फ्री नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है :
भारत गैस हेल्पलाइन नंबर – 1800-22-4344 (टोल फ्री)
इंडेन गैस कस्टमर केयर नंबर- 1800-2333-555 (टोल फ्री)
एचपी गैस कस्टमर केयर नंबर- 1800-2333-555 (टोल फ्री)

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button