Blog

पाकिस्तान की बोखलाहट : एलओसी पर गोलाबारी, 11 नागरिकों की मृत्यु , 100 से अधिक घायल, बार्डर पर तनाव बढ़ा

पाकिस्तान ने की फिर बदतमीज़गी

पाकिस्तान की बोखलाहट : एलओसी पर गोलाबारी, 11 नागरिकों की मृत्यु , 100 से अधिक घायल, बार्डर पर तनाव बढ़ा

मीडिया रिपोर्ट
पाकिस्‍तान से सटी एलओसी पर पाक सेना द्वारा आप्रेशन सिंदूर के जवाब में की जाने वाली भयानक गोलाबारी में समाचार भिजवाए जाने तक 11 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी थी और 100 से अधिक गंभीर रूप से जख्‍मी हो गए थे।

एलओसी से सटे इलाकों में भयानक मंजर के बीच हजारों लोग घर बार छोड़ भाग रहे हैं। कुछेक हिम्‍मत कर बंकरों में दुबके हुए हैं जबकि उप राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने इंटरनेशनल बार्डर पर जीरो लाइन से सटे गांवों के लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान के अंदर सटीक हवाई हमले किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में 11 नागरिक मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। फिलहाल आधिकारिक तौर पर 7 के मरने की पुष्टि की जा चुकी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह पुंछ और मेंढर सेक्टरों में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी में 7 लोग मारे गए और 38 घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि उड़ी के सलामाबाद के नौपोरा और कलगे इलाकों में सीमा पार से की गई गोलाबारी में दस नागरिक घायल हो गए, जबकि राजौरी में तीन नागरिक घायल हो गए। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य सुविधाओं में ले जाया गया है। इनमें भी बाद में चार ने दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने लगातार 13वें दिन नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारी मोर्टार और तोपखानों से गोलाबारी की। भारत और पाकिस्तान के बीच फरवरी 2021 में हुए संघर्ष विराम समझौते के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर यह पहली बड़ी नागरिक हताहती है।

भारत-पाक के तनातनी का परिणाम सामने आने लगा है। आप्रेशन सिंदूर के बाद खिजाई हुई पाक सेना ने एलओसी पर कई इलाकों में भारतीय सीमांत गांवों को सीजफायर के बावजूद गोलों की बरसात से पाट दिया है। इस ओर नुक्सान हुआ है। जवाबी कार्रवाई में उस पार भी जबरदस्त नुक्सान का दावा है। इस बीच रात से ही वायुसेना के लड़ाकू विमानों द्वारा लगातार एलओसी के इलाकों में उड़ानें भरने के कारण लोग सहमे हुए हैं।

सेना सूत्रों ने बताया कि पाक सेना ने आज सुबह भी एलओसी से सटे राजौरी व पुंछ सेक्टरों के कई गांवों पर बिना किसी उकसावे के गोलाबारी आरंभ कर दी। अधिकारियों के मुताबिक, पाक सेना ने तोपखानों से गोले बरसाए। परिणामस्वरूप इन इलाकों में क्षति हुई है जिसका आकलन किया जा रहा है।

रक्षाधिकारियों के मुताबिक, पाक सेना की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई से पाक क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है। उनका कहना था कि भारतीय पक्ष ने हमेशा सैन्य क्षेत्रों को ही निशाना बनाया है पर पाक सेना ने हमेशा नागरिक ठिकानों पर ही गोलाबारी की है। जिसका परिणाम यह है कि राजौरी तथा पुंछ के उन गांवों से लोगों ने पलायन कर लिया जो एलओसी से सटे हुए हैं तथा जिन्हें पाक सेना ने अपना निशाना बनाया था।

जम्मू संभाग के राजौरी, पुंछ, जिलों में पाकिस्तानी की बमबारी के बाद दुश्मन के कड़े तेवर बरकरार हैं। युद्ध जैसे हालात बना रहा पाकिस्तान,  सुबह से सीमांत पुंछ जिले में गोले दाग रहा है। पाकिस्तान की बमबारी के बाद से क्षेत्र में वायुसेना व सेना लगातार हाई अलर्ट पर हैं। कुल मिलाकर बार्डर पर तनाव बड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button