रुद्राक्ष महोत्सव कुबेरेश्वर धाम सीहोर : सर्वसुविधायुक्त धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में, पण्डित प्रदीप मिश्रा की अपील- श्रद्धालु एक पौधा अवश्य रोपें..
धर्म/आस्था/आयोजन

रुद्राक्ष महोत्सव कुबेरेश्वर धाम सीहोर : सर्वसुविधायुक्त धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में,
पण्डित प्रदीप मिश्रा की अपील- श्रद्धालु एक पौधा अवश्य रोपें..
सीहोर, 10 फरवरी 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में आगामी 14 फरवरी से 20 फरवरी तक होने वाले भव्य आयोजन में देश और विदेश लाखों की संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करेंगे। इसके अलावा विश्व के प्रसिद्ध संतों और कथा वाचकों, साधुओं के आने की संभावना है। समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए वाहनों की पार्किंग, पेयजल, शौचालय, स्वयं सेवक, कथा स्थल पर पंडाल आदि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कोरिडोर का निर्माण किया गया है। आगामी रुद्राक्ष महोत्सव 2026 के भव्य आयोजन को लेकर भारतीय रेलवे ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। इस दौरान सीहोर स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाएगा।
कथा के दौरान बेहतर इंतजाम करने एवं लोगों की सुरक्षा के साथ ही नेशनल हाईवे पर आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तित करने तथा वैकल्पिक मार्ग तथा हेलीपैड स्थल आदि की व्यवस्था की जा रही है। कथा के दौरान पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, पार्किंग, हेल्थ कैम्प, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, कन्ट्रोल रूम, सहायता केंद्र, मार्ग मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं से पौधा लगाने की अपील
पंडित मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव प्रकृति के आराध्य हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु संकट को देखते हुए शिवरात्रि को पर्यावरण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने घर या आसपास कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।
विशाल भोजनशाला में होगा भंडारा
इस बार रुद्राक्ष महोत्सव की भव्यता पहले से कई गुना अधिक होगी। कुबेरेश्वर धाम परिसर में 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट में विशाल पक्का पंडाल बनाया गया है, जिसमें एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु कथा श्रवण कर सकेंगे।श्रद्धालुओं के लिए 10 एकड़ क्षेत्र में भोजनशाला तैयार की गई है। साथ ही, 1 लीटर पानी की बोतल सिर्फ 5 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक करीब 20 अस्थायी अस्पताल बनाए जा रहे हैं। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे विभाग के सहयोग से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा के लिए परिसर में 256 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।



