Blog

इछावर : हमारा समाज उन्नति, सद्भावना, सहज,सरलता और मेहनत के कारण जाना जाता है-  राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा

भगवान जगदीश की रथयात्रा का नगर में हुआ भव्य आयोजन

हमारा समाज उन्नति, सद्भावना, सहज,सरलता और मेहनत के कारण जाना जाता है-  राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा

इछावर, 08 जून 2025
एमपी मीडिया पॉइंट

खाती समाज की पहचान पूरे भारत वर्ष में है। हमारा समाज उन्नति, सद्भावना, सहज,सरलता और मेहनत के कारण जाना जाता है। हम सब मिलकर सामाजिक उत्थान में एक-दूसरे का सहयोग करें।

उक्त बात मप्र शासन के राजस्व मंत्री एवं इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने कही, वह इछावर में आयोजित भगवान जगदीश की रथयात्रा के पश्चात कार्यक्रम में बोल रहे थे। भव्य चल समारोह का आयोजन खाती चंद्रवंशी समाज द्वारा किया गया था।

मंत्री वर्मा ने कहा कि, जगदीश भगवान का यह चल समारोह न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना को भी प्रकट करता है। हम सभी ने सदैव सामाजिक समरसता, परिश्रम और धर्म के मार्ग को अपनाया है। यह एकता हमारे देश की प्रगति में एक मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि धर्म हमें सत्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ियों को अपनी परंपरा से परिचित कराते हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि हमें बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ते रहना है। परिवर्तन संसार का नियम है और उसे ध्यान में रखते हुए समाज को सशक्त दिशा देने की आवश्यकता है। हमें बेटियों की पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देना होगा। खाती चंद्रवंशी समाज के मंचासीन पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर परिषद इछावर अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा,जनपद अध्यक्ष जगदीश पटेल,प्रवेश वर्मा, लक्ष्मीनारायण वर्मा सहित बढ़ी संख्या में सामाजिक बंधु,माता-बहनें एवं बुजुर्ग मौजूद रहे।

आज निकली भव्य शोभायात्रा का नगर में स्थान-स्थान पर अन्य सामाजिक बंधुओं द्वारा पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया गया।

Related Articles

Back to top button