
- सीहोर : कुबेरेश्वरधाम पर धनतेरस पर पांच क्विंटल मीठी बूंदी का लगाया भोग
सीहोर, 18 अक्तूबर 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में दीपावली का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर शनिवार को धनतेरस के पावन अवसर पर देर रात्रि को अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने हजारों श्रद्धालुओं के मध्य बाबा की आरती की। वहीं सुबह भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं को यहां पर चलाए जा रहे निशुल्क भंडारे में करीब पांच क्विंटल से अधिक मीठी बूंदी का भोग लगाकर वितरण किया।
इस मौके पर विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा ने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर होने वाली पूजा-अर्चना की विधि-विधान पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्तिक माह में पूर्ण निष्ठा और भक्ति भाव से पूजा अर्चना करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। कार्तिक महीने में बड़े और मुख्य तीज-त्योहार पड़ते हैं। कार्तिक महीने की शुरुआत शरद पूर्णिमा से हो जाती है। इसके बाद करवा चौथ, धनतेरस, रूप चौदस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, देव उठनी एकादशी आदि पर्व मनाए जाएंगे।