सीहोर जिला

अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, जिले के अंदर आष्टा विधानसभा में संख्या सर्वाधिक

एसआईआर के बाद आया अंतर...

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, प्रदेश में 5,39,81,065 मतदाता पंजीकृत,
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 849082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि,
जिले की सूची में सबसे कम मतदाता सीहोर विधानसभा में

सीहोर, 21 फरवरी 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इन्टेंसिव रिवीजन) अभियान प्रारंभ किया गया था।

27 अक्टूबर, 2025 से राज्य में आरंभ हुए अभियान में लगभग 4 माह तक विभिन्न चरणों में व्यापक एवं प्रभावी कार्यवाही के बाद 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता सूची में नाम शामिल करने, विलोपन एवं संशोधन आदि के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दिनांक 23/12/2025 से 22/01/2026 तक प्राप्त की गईं। इसके बाद 14 फरवरी 2026 तक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा प्राप्त दावे आपत्तियों का सत्यापन कर उनका निराकरण किया गया।

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन पर मध्यप्रदेश के सभी नागरिक इस अभियान में अभूतपूर्व सहयोग के लिए धन्यवाद एवं अभिनंदन के पात्र हैं। निर्धारित समय में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु 55 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 230 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 533 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 71,930 बीएलओ, अनेक वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी रही। राज्य के मतदाताओं का उत्साहपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। मीडिया, राजनीतिक दलों एवं अन्य संगठनों का भी सहयोग मिला। इसके परिणामस्वरूप कुल 5,74,06,143 मतदाताओं में से 5,31,31,983 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया। बीएलओ द्वारा निरंतर घर-घर सर्वेक्षण किया गया, जिसमें दिवंगत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा 2 स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान की गई।

स्पेशल इन्टेंसिव रिवीजन की घोषणा के बाद राज्य में 5.74 करोड़ मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर उनके डिजिटलीकरण का कार्य मिशन मोड में किया गया। अभियान के दौरान ही मृत, अनुपस्थिति, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टियों के सत्यापन के लिये बूथ लेवल अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठकों का आयोजन किया गया। संबंधित विधानसभा क्षेत्रवार अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों की सूची संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई। लगभग 4 माह चली प्रक्रिया के बाद दिनांक 01-01-2026 की अर्हता तिथि के आधार पर अंतिम मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थलों पर प्रकाशित की गई है। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है, जहां मतदाता अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले राज्य में कुल 5,74,06,143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद यह 5,31,31,983 संख्या रही तथा अंतिम मतदाता सूची में 5,39,81,065 मतदाताओं के नाम सम्मिलित हैं। इस प्रकार प्रारूप सूची के बाद 8,49,082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
——————————
सीहोर जिले की स्थिति

अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 97 हजार 846 मतदाता किए गए दर्ज,पहले जिले में थे 1257 मतदान केंद्र, अब हुए 1367,

सीहोर, 21 फरवरी 2026
एमपी मीडिया पॉइंट

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरू के. के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वृंदावन सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों के समक्ष मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) से पहले 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाता दर्ज थे, जबकि प्रारूप प्रकाशन के समय 23 दिसंबर 2025 को यह संख्या 9 लाख 83 हजार 143 रही। अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 97 हजार 846 मतदाता दर्ज किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र बुधनी में 2 लाख 74 हजार 509, आष्टा में 2 लाख 82 हजार 58, इछावर में 2 लाख 27 हजार 640 तथा सीहोर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 13 हजार 639 मतदाता अंतिम रूप से सूचीबद्ध किए गए हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाताओं के विरुद्ध 9 लाख 71 हजार 808 मतदाताओं की सफल मैपिंग की गई, जबकि 11 हजार 335 मतदाता नॉन-मैपिंग श्रेणी में रहे तथा 43 हजार 431 मतदाता अनुपलब्ध अथवा अप्राप्य पाए गए। पुनरीक्षण के पश्चात तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 9 लाख 83 हजार 143 मतदाता सम्मिलित किए गए थे।

मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में मतदान सुविधाओं का विस्तार भी किया गया है। पूर्व में जिले में कुल 1257 मतदान केन्द्र संचालित थे, जिनमें 110 नए मतदान केन्द्र जोड़ते हुए अब कुल 1367 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें बुधनी विधानसभा में 390, आष्टा में 375, इछावर में 308 तथा सीहोर विधानसभा क्षेत्र में 294 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिससे मतदाताओं को मतदान के लिए बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिले की जनसंख्या एवं मतदाता अनुपात के आधार पर अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले का कुल ईपी (Elector Population) रेशियो 61.87 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि जेंडर रेशियो 927 रहा। कुल मतदाताओं में 5 लाख 17 हजार 850 पुरुष, 4 लाख 79 हजार 974 महिला तथा 22 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार जेंडर रेशियो में बुधनी 922, आष्टा 927, इछावर 914 तथा सीहोर 946 दर्ज किया गया है।

प्रत्येक जिले में अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां नियमानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई हैं।

राजेश शर्मा

राजेश शर्मा मप्र से प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के हिंदी दैनिक अख़बारों- दैनिक भास्कर नवभारत, नईदुनिया,दैनिक जागरण,पत्रिका,मुंबई से प्रकाशित धर्मयुग, दिनमान के पत्रकार रहे, करीब पांच शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी बतौर रिपोर्टर के हाथ आजमाए। वर्तमान मे 'एमपी मीडिया पॉइंट' वेब मीडिया एवं यूट्यूब चैनल के प्रधान संपादक पद पर कार्यरत हैं। आप इतिहासकार भी है। श्री शर्मा द्वारा लिखित "पूर्वकालिक इछावर की परिक्रमा" इतिहास एवं शोध पर आधारित है। जो सीहोर जिले के संदर्भ में प्रकाशित पहली एवं बेहद लोकप्रिय एकमात्र पुस्तक में शुमार हैं। बीएससी(गणित) एवं एमए(राजनीति शास्त्र) मे स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात आध्यात्म की ओर रुख किए हुए है। उनके त्वरित टिप्पणियों,समसामयिक लेखों,व्यंगों एवं सम्पादकीय को काफी सराहा जाता है। सामाजिक विसंगतियों, राजनीति में धर्म का प्रवेश,वंशवाद की राजसी राजनिति जैसे स्तम्भों को पाठक काफी दिलचस्पी से पढतें है। जबकि राजेश शर्मा खुद अपने परिचय में लिखते हैं कि "मै एक सतत् विद्यार्थी हूं" और अभी तो हम चलना सीख रहे है..... शैलेश तिवारी

Related Articles

Back to top button