सीहोर : बैठक में अनुपस्थित रहने पर भैरूंदा सीएमओ के विरूद्ध कार्यवाही के कलेक्टर ने दिए निर्देश
समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण पर जोर

बैठक में अनुपस्थित रहने पर भैरूंदा सीएमओ के विरूद्ध कार्यवाही के कलेक्टर ने दिए निर्देश,
संकल्प से समाधान अभियान में 69,435 प्रकरणों का हुआ निराकरण,
कलेक्टर की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित
सीहोर, 02 मार्च, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
कलेक्टर बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की एक-एक कर विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से कारण पूछते हुए तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि आवेदक की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
संकल्प से समाधान अभियान की योजनावार समीक्षा बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक नागरिकों के प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित तिथियों पर शिविर अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। नगरीय निकायों की प्रगति की समीक्षा के दौरान भैरूंदा के सीएमओ के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि वे गत टीएल बैठक में भी बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर पाए गए थे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बैठक एवं शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अभी तक 71,251 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें 69,435 प्रकरणों का निराकरण किया गया।



