राशन वितरण और ईकेवाईसी में अनियमितताएं करने वाली 13 राशन दुकानों पर कार्रवाई, 08 पर प्रकरण दर्ज, 05 को नोटिस जारी
कार्रवाई

राशन वितरण और ईकेवाईसी में अनियमितताएं करने वाली 13 राशन दुकानों पर कार्रवाई, 08 पर प्रकरण दर्ज, 05 को नोटिस जारी
जिले में शत-प्रतिशत राशन वितरण करने और ईकेवाईसी करने के कलेक्टर ने दिए हैं निर्देश
सीहोर, 01 मार्च, 2026
एमपी मीडिया पॉइंट
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने, राशन हितग्राहियों की ईकेवाईसी करने और अनियमितताओं को रोकने के लिए खाद्य विभाग द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में राशन वितरण कम होने, प्रतीक्षारत परिवारों की ईकेवायसी नही करने, दुकाने नियमित नहीं खोलने और अनियमितताएं करने पर जिले की कई उचित मूल्य दुकानों पर कार्रवाई की गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर ने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा फरवरी माह में आष्टा के वार्ड क्रमांक 15 स्थित बालाजी उपभोक्ता भंडार पर अनियमितता पाये जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी प्रकार ईकेवायसी नहीं करने और 75 प्रतिशत से कम वितरण करने पर सिद्दीकगंज, कन्नौद मिर्जी, देवेनखेड़ी, सांगाखेड़ी, सिंगार चोरी, नवरंगपुर और बड़घाटी की शासकीय उचित मूल्य दुकानों को नोटिस जारी किया गया है और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम चिकली, खिडियाकुर्मी, चींच, गुलरपुरा एवं मंजीखेड़ी की उचित मूल्य दुकानों पर भी प्रकरण दर्ज किए गए हैं।



