बजाए झूठी वाहवाही लूटने के बुनियादी समस्याओं पर ध्यान दे सीहोर नगरपालिका, लोगों को सुविधाएं देने में नाकाम
जिला कांग्रेस प्रवक्ता का बयान

बजाए झूठी वाहवाही लूटने के बुनियादी समस्याओं पर ध्यान दे नगरपालिका,
सीहोर नगरपालिका की अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस नेता ने बोला हमला,
झूठी वाहवाही के बजाय शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त करे सीहोर नपा,
लोगों को सुविधाएं देने में नाकाम
नपा को जनता से टैक्स वसूली का कोई नैतिक अधिकार नहीं – पंकज शर्मा
सीहोर, 19 फरवरी 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर सीहोर नगरपालिका की अववस्थाओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि स्वच्छता अभियान में उच्च पायदान पर आने का ढोल पीटने वाली सीहोर नगरपालिका रोज कचरा गाड़ी चलाने तक में नाकाम साबित हुई है, भोपाल नाका क्षेत्र में तो हफ्ते में एक बार कचरा गाड़ी आती है, जिससे लोगों का घर ही कचराघर बन जाता है।
इसी प्रकार यहाँ पांच दिन में जल प्रदाय होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा शहर में आवारा मवेशियों और सड़क तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को रोकने में भी सीहोर नपा बिल्कुल नाकाम साबित हुई है। आवारा मवेशियों और अतिक्रमण की वजह से लोगों को भारी परेशानी होती है और लोग दुर्घटनाओं का शिकार होते है।
पंकज शर्मा ने सीहोर नपा को झूठी वाहवाही लेने के बजाय इन सभी अव्यवस्थाओं को शीघ्र ठीक करने की सलाह दी है, ताकि सीहोर की जनता को राहत मिल सके और उसकी मुसीबतें कम हो सकें।
पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि यदि सीहोर नपा इन अव्यवस्थाओं को शीघ्र ही ठीक नहीं करती है, तो उसे सीहोर नगर की जनता से टैक्स वसूलने का भी कोई अधिकार नहीं है। इन सभी सुविधाओं को देने पर ही सीहोर नपा को टैक्स वसूली का अधिकार बनता है, यदि वो ऐसा नहीं करती है तो उसे नैतिकता के आधार पर स्वयं ही जनता से टैक्स वसूली बंद कर देनी चाहिए।



