मध्यप्रदेश के किसानों के खाते में अंतरित की 233 करोड़ रूपये की भावांतर योजना की राशि
खेती-किसानी

किसानों के खाते में अंतरित की 233 करोड़ रूपये की भावांतर योजना की राशि
सीहोर जिले के 7,508 किसानों के खाते में 10 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित
सीहोर, 13 नवंबर 2025
एमपी मीडिया पॉइंट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के एक करोड़ 33 लाख किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपये की भावांतर योजना की राशि अंतरित की। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर जिले के 7,508 किसानों के खातों में 10 करोड़ 67 लाख रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर सीहोर कृषि उपज मंडी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद किसानों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। इस अवसर पर किसान श्री किशोर सिंह, श्री कृष्णपाल वर्मा, श्री राजेंद्र वर्मा एवं श्री नितिन झलावा सहित अनेक किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और भरोसा जगाया है। किसानों ने कहा कि भावांतर योजना ने वास्तव में उन्हें उनकी फसलों का उचित दाम दिलाया है। किसानों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि उनकी मेहनत का उचित मूल्य उन्हें समय पर प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कदम किसानों के जीवन में स्थायित्व और आत्मनिर्भरता लाने वाला है। किसानों ने कहा कि प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। किसानों ने कहा कि भावांतर योजना केवल एक आर्थिक सहायता योजना नहीं है, बल्कि यह किसानों के आत्मसम्मान और उनके परिश्रम का सम्मान है। कार्यक्रम में डीडीए अशोक कुमार उपाध्याय, मंडी सचिव नरेंद्र महेशवरी सहित किसान उपस्थित थे।



